बिलासपुर। चकरभाठा थाना अंतर्गत हिर्री माइंस क्षेत्र में बीती रात एक अज्ञात चोर ने सूनेपन का फायदा उठाते हुए घर में घुसकर नगदी, मोबाइल और सोने के जेवर चोरी कर लिए। अलमारी खुलने की आवाज सुनकर जब परिजनों की नींद खुली, तो आरोपी सामान लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर रोड हिर्री माइंस निवासी जय शंकर कश्यप ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी को वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुरुचि रेस्टोरेंट गए थे। घर पर उनकी पत्नी रीना कश्यप, बच्चे और मां मौजूद थे। जय शंकर की पत्नी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे काम निपटाकर बच्चों के साथ कमरे में सो गई थीं, जबकि उनकी सास आंगन में सो रही थीं।
रात करीब 12 बजे अलमारी खुलने की आवाज सुनकर रीना की नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति अलमारी की तलाशी ले रहा है। शोर मचाने पर आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने जब कमरे की जांच की, तो सिरहाने रखे दो लेडीज पर्स गायब थे।
बाद में घर के बाहर दीवार के पास दोनों पर्स बरामद हुए, लेकिन उनमें रखे दो मोबाइल फोन, सोने के टॉप्स और लगभग 28 हजार रुपये नगद गायब थे। परिजनों ने आसपास के इलाके में आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।