छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी तपिश, अगले सात दिनों में पांच डिग्री तक बढ़ सकता है पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब गर्मी का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले सात दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में अति हल्की वर्षा दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में रायपुर और माना में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में वातावरण शुष्क बना रहेगा। आज भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है और किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने बताया कि 27 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। तापमान में इस क्रमिक वृद्धि के साथ ही लोगों को अब दिन में तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *