सक्ती। अंचल के जननेता स्व. बिसाहू दास महंत की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला भर के कांग्रेसियों और आमजनों ने हटरी रोड स्थित बिसाहू दास महंत उद्यान पहुंचकर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बाबूजी ने जीवनभर गांव, गरीब और किसानों के कल्याण के लिए काम किया। कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि आज हम जो विकसित छत्तीसगढ़ देख रहे हैं, वह स्व. बिसाहू दास महंत के संघर्षों का ही परिणाम है।

चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि बाबू बिसाहू दास महंत ने स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने एक शिक्षक के रूप में समाज में शिक्षा का अलख जगाया और एक राजनेता के रूप में क्षेत्र को विकास की राह दिखाई। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि आज हमारे किसान अगर समृद्ध हैं, तो इसका श्रेय स्व. महंत जी को जाता है। उन्होंने संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। वहीं, युवा नेता सूरज महंत ने कहा कि उनके दादाजी ने तमाम अभावों के बीच भी लोगों को समृद्ध होने और स्वाभिमान से जीने का रास्ता दिखाया।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नोवल वर्मा, जिला प्रतिनिधि गुलजार सिंह, जिला पंचायत सदस्य सरोज डडसेना, पूर्णिमा खूंटे, जनपद अध्यक्ष नीतू ऋषि राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्णा रात्रे, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुषमा जायसवाल, नरेश गेवाड़िन, रीना गेवाड़िन, जिला महामंत्री गिरधर जायसवाल, पिंटू ठाकुर, राकेश राठौर, रामप्यारे सिदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कावेरी मरकाम, तहसीलदार लक्ष्मीकांत कोरी, तहसीलदार रविशंकर राठौर, नायब तहसीलदार जागृति आनंद, पद्मलोचन पटेल एवं थाना प्रभारी लखन पटेल ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।