सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर जल्द रचाएंगे शादी, जामनगर में सानिया चंडोक के साथ लिया बप्पा का आशीर्वाद

जामनगर। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर मशहूर कारोबारी परिवार की बेटी सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी की रस्मों से पहले इस जोड़े ने जामनगर स्थित भगवान गणेश के मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर तेंदुलकर परिवार के साथ रिलायंस समूह के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी उपस्थित रहे।

मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस दर्शन का वीडियो साझा किया है, जिसमें अर्जुन और सानिया को विधि-विधान से पूजा करते देखा जा सकता है। वीडियो में नीता अंबानी ने दोनों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने अर्जुन के बचपन से लेकर अब तक के सफर का जिक्र करते हुए इस नए रिश्ते की सराहना की। सचिन तेंदुलकर ने भी इस दौरान अंबानी परिवार का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन और सानिया की शादी 5 मार्च को होली के दूसरे दिन जामनगर स्थित रिलायंस समूह के परिसर में संपन्न होगी। इन दोनों ने पिछले साल अगस्त 2025 में एक निजी समारोह के दौरान सगाई की थी। सानिया चंडोक मुंबई के प्रतिष्ठित व्यावसायिक घराने से ताल्लुक रखती हैं और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से शिक्षित हैं। वह वर्तमान में एक लग्जरी पेट केयर फर्म की डायरेक्टर हैं और उनका परिवार हॉस्पिटैलिटी व फूड इंडस्ट्री का जाना-माना नाम है।

क्रिकेट करियर की बात करें तो अर्जुन तेंदुलकर आगामी आईपीएल सीजन 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। उन्हें हाल ही में हुई नीलामी में लखनऊ की टीम ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *