बिलासपुर: बीच सड़क पर जन्मदिन मनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने चार युवक-युवतियों को हिरासत में लिया

बिलासपुर

शहर की मुख्य सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाना चार युवक-युवतियों के लिए मुसीबत बन गया। सोशल मीडिया पर जश्न का वीडियो वायरल होने के बाद सरकंडा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए चारों को हिरासत में ले लिया और उनके वाहन जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर यातायात बाधित करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 21 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे की है। अशोक नगर निवासी एक शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह कोनी रोड की ओर जा रहे थे, तब राधाकृष्ण मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर एक बुलेट और स्कूटी को बीच सड़क पर खड़ा कर भीड़ जमा की गई थी। मौके पर दो युवक और दो युवतियां बाइक की सीट पर केक रखकर जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान सड़क पर ही पटाखे जलाए गए और आतिशबाजी की गई, जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क के बीचोंबीच हो रहे इस हंगामे के कारण लंबा जाम लग गया था। जब राहगीरों ने इसका विरोध किया, तो जश्न मना रहे युवकों ने उनके साथ विवाद भी किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

सरकंडा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस ने यातायात बाधित करने और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, घटना में शामिल बुलेट और स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था और यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *