सीएस प्रोफेशनल परीक्षा का परिणाम घोषित, किंजल अजमेरा ने किया देश में टॉप

नई दिल्ली। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) ने सीएस प्रोफेशनल प्रोग्राम दिसंबर 2025 परीक्षा का परिणाम आज, 25 फरवरी को जारी कर दिया है। संस्थान ने सुबह 11 बजे परिणामों की घोषणा के साथ ही ऑल इंडिया रैंक होल्डर्स की मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी। इस बार की परीक्षा में किंजल अजमेरा ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉप किया है। वहीं, मान्या बठला को दूसरा और चारु उपाध्याय को तीसरा स्थान मिला है।

टॉप-10 टॉपर्स की सूची

मेरिट लिस्ट के अनुसार, किंजल अजमेरा पहले स्थान पर रहीं। उनके बाद दूसरे स्थान पर मान्या बठला और तीसरे पर चारु उपाध्याय का नाम है। सूची में चौथे स्थान पर विनी निर्मल सप्रे, पांचवें पर अंजलि कुमारी, छठे पर कमल सिंह रावत और सातवें पर कुनिका भावेशभाई शाह रहे। इसी प्रकार आस्था पटेल ने आठवां, मनसा अय्यर आर ने नौवां और हीर ओझा परम ने दसवां स्थान प्राप्त किया है।

ऐसे चेक करें अपना परिणाम

उम्मीदवार अपना परिणाम देखने के लिए आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। वहां होम पेज पर दिए गए ‘सीएस प्रोफेशनल रिजल्ट दिसंबर 2025’ लिंक पर क्लिक कर अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। जानकारी सबमिट करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकता है।

अंकसूची की हार्ड कॉपी जल्द मिलेगी

संस्थान द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, रिजल्ट और मार्क्स स्टेटमेंट की फिजिकल कॉपी उम्मीदवारों के पंजीकृत पते पर डाक के जरिए भेजी जाएगी। यदि किसी उम्मीदवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के 30 दिनों के भीतर अपनी अंकसूची प्राप्त नहीं होती है, तो उन्हें अपनी पूरी जानकारी के साथ संस्थान से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *