मुंबई। अमेरिकी शेयर बाजार में मची हलचल का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है। बीते सप्ताह अमेरिका में हुए बड़े घटनाक्रमों, विशेषकर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ को गैरकानूनी करार दिए जाने के बाद वैश्विक बाजारों के साथ भारतीय बाजार में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। इस फैसले के बाद दुनिया भर के बाजारों में छाई अनिश्चितता कम हुई है, जिससे सोमवार को कारोबार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में भारी बढ़त देखी गई।
शेयर बाजार में कारोबार शुरू होते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 82,814.71 की तुलना में उछलकर 82,906.83 पर खुला और कुछ ही मिनटों में 83,486 के स्तर पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले शुक्रवार के बंद 25,571.25 की तुलना में 25,678 पर कारोबार शुरू किया और जल्द ही 25,771.45 के स्तर को छू लिया।
शुरुआती कारोबार के दौरान कई प्रमुख शेयरों में तेजी दर्ज की गई। लार्जकैप श्रेणी में अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में डेढ़ से पौने तीन प्रतिशत तक का उछाल देखा गया। मिडकैप श्रेणी में भारत फोर्ज, पॉलिसी बाजार, पेटीएम और भेल के शेयरों ने निवेशकों को आकर्षित किया। वहीं स्मॉलकैप श्रेणी में कोहेंस और आईआईएफएल के शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों में सुधार आने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर स्पष्ट नजर आ रहा है।