नेपानगर में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क: निर्माण के दो दिन बाद ही डामर उखड़ा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

बुरहानपुर। जिले के नेपानगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मांडवा में बनी नई डामरी सड़क निर्माण के मात्र दो दिन बाद ही उखड़ने लगी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 50 लाख रुपए की लागत से बनी इस सड़क की बदहाली देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने इसे सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का परिणाम बताया है।

आदिवासी बहुल क्षेत्र मांडवा-बदनापुर मार्ग पर लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण हाल ही में पूर्ण हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिसके कारण डामर की परत हाथों से ही उखड़ने लगी है। घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा करते हुए ठेकेदार और जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता और निरीक्षण की कमी के कारण ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क का पुननिर्माण सही गुणवत्ता के साथ नहीं किया गया, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे। लोगों ने स्थानीय विधायक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

इधर, मौके पर पहुंचे कंपनी के सुपरवाइजर विनय फूलमालि ने भी स्वीकार किया कि सड़क का निर्माण कार्य संतोषजनक नहीं है। उन्होंने प्रभावित हिस्सों में मरम्मत की बात कही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने कहा कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच कराकर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *