चारामा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूल से लौट रही चार छात्राएं घायल

बाबुकोहका के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जिला अस्पताल कांकेर किया गया रेफर

चारामा। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबुकोहका के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही चार छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में चारों छात्राएं घायल हो गईं।

घायल छात्राओं की पहचान लिलिमा कुन्जाम कक्षा 12वीं, भारती कुन्जाम कक्षा 12वीं, करुणा कुन्जाम कक्षा 10वीं और खुशबू यादव कक्षा 12वीं के रूप में हुई है। चारों छात्राएं ग्राम बाबुकोहका की रहने वाली हैं और शासकीय विद्यालय गोलकुम्हड़ा में पढ़ाई करती हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्राएं पैदल अपने घर लौट रही थीं। तभी बाबुकोहका के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत सभी छात्राओं को चारामा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों छात्राओं की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया। फिलहाल सभी का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *