रायगढ़ में युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

रायगढ़, 19 फरवरी 2026

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां दो बदमाशों ने एक युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और फिर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल 16 फरवरी को बैंक के कार्य से मौहापाली गया था। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह अपने घर वापस लौट रहा था, तभी भांठापारा बस्ती के पास दो लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले हथियार से उस पर हमला किया और फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस हमले में शिव प्रसाद लगभग 60 प्रतिशत तक झुलस गया था। घटना की जानकारी परिजनों को अगली सुबह मिली।

मृतक के मामा शत्रुघन पटेल ने बताया कि घायल युवक को पहले खरसिया अस्पताल और फिर रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां बुधवार शाम करीब 6 बजे उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों को शिव प्रसाद को रोकते हुए देखा गया है। शक के घेरे में आए दोनों युवक निलेश डंजारे और गंगाराम उर्फ कृष्णा गांव के ही निवासी हैं।

पुलिस ने एक संदेही निलेश डंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। परिजनों का आरोप है कि दोनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और देर रात राहगीरों से मारपीट व लूटपाट करते हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि लूटपाट के विरोध करने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *