शटल उठाने झुके और फिर नहीं उठे: रायपुर के हार्डवेयर कारोबारी की खेल के दौरान मौत

रायपुर। राजधानी के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में सोमवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां बैडमिंटन खेल रहे 57 वर्षीय कारोबारी अमृत बजाज की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। खेल के दौरान अचानक गिरने और फिर न उठ पाने की इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ईदगाह भाठा निवासी हार्डवेयर कारोबारी अमृत बजाज प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने कोर्ट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खेल के दौरान उन्होंने एक शॉट मारा और जब शटल उठाने के लिए नीचे झुके, तभी वे अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। पास मौजूद साथी खिलाड़ी ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हरकत न होने पर वहां मौजूद अन्य लोग उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि अमृत बजाज शुगर की बीमारी से पीड़ित थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार और मित्र जगत स्तब्ध है। उनका अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मारवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। इस घटना ने एक बार फिर खेल के मैदानों और जिम में अचानक आ रहे हार्ट अटैक की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि नसों में ब्लॉकेज बढ़ने और अचानक रक्त का प्रवाह रुकने से ऐसी स्थितियां उत्पन्न होती हैं।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *