कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार रात दो बाइकों के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक मासूम बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। हादसा रात लगभग 8 बजे बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुआ। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवारी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक, जिस पर दो युवक सवार थे, टीपी नगर की ओर से आ रहे परिवार की बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर पति-पत्नी और उनका पांच वर्षीय बेटा सवार था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम बच्चे और उसकी मां को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।