बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, तारिक रहमान को भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

PM Modi :

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनावों के परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की बंपर जीत पर पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने इस जीत को बांग्लादेश की जनता का तारिक रहमान के नेतृत्व पर अटूट विश्वास करार दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि वे तारिक रहमान को संसदीय चुनाव में बीएनपी की निर्णायक जीत के लिए हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई है।

प्रधानमंत्री के इस संदेश को भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में सुधार के एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने बीएनपी की पूर्व नेता खालिदा जिया के स्वास्थ्य के प्रति भी चिंता व्यक्त की थी और उनके निधन पर गहरा दुख जताया था।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना की सत्ता से विदाई और उनके भारत में शरण लेने के बाद से दोनों पड़ोसी देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में खिंचाव आ गया था। कार्यवाहक सरकार के दौरान बांग्लादेश में कट्टरपंथ के बढ़ने और अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों के बीच संबंधों में काफी गिरावट आई थी। अब लगभग 20 वर्षों के बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी के साथ ही यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच संबंधों का एक नया और सकारात्मक अध्याय शुरू होगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *