बिलासपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बोरतलाव-दरेकसा खंड में अधोसंरचना विकास कार्यों के चलते रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा समपार फाटक क्रमांक 481 पर बॉक्स पुशिंग और गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाना है। इस तकनीकी कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 9 पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्य 13 और 14 फरवरी के साथ-साथ अगले माह 13 और 14 मार्च 2026 को भी किया जाएगा। इस दौरान अप, डाउन और तीसरी लाइन पर परिचालन प्रभावित रहने से मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है।
रद्द रहने वाली ट्रेनों की सूची
इस ब्लॉक के कारण गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू और गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू 13 व 14 फरवरी और 13 व 14 मार्च को रद्द रहेंगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 68724 गोंदिया-रायपुर मेमू 14 व 15 फरवरी और 14 व 15 मार्च को नहीं चलेगी। अन्य रद्द होने वाली गाड़ियों में दुर्ग-गोंदिया मेमू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-गोंदिया मेमू, डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू और बालाघाट-इतवारी मेमू शामिल हैं। ये सभी गाड़ियां निर्धारित तिथियों पर अपने प्रारंभिक स्टेशनों से नहीं छूटेंगी।
कुछ ट्रेनों को किया गया विनियमित
ब्लॉक के कारण न केवल ट्रेनें रद्द की गई हैं, बल्कि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 18239 कोरबा-इतवारी एक्सप्रेस को 13 फरवरी और 13 मार्च को दुर्ग-बोरतलाव खंड के बीच रोककर चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।