ग्रामीणों के द्वार पहुंची चारामा पुलिस: ग्राम उड़कुड़ा में ‘चलित थाना’ लगाकर सुनीं समस्याएं, सायबर ठगी और नशे के खिलाफ किया जागरूक

चारामा (उत्तर बस्तर कांकेर)। पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को पाटने तथा ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जिला पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। कलेक्टर व एसपी के निर्देशन में थाना चारामा पुलिस द्वारा ग्राम उड़कुड़ा में एक दिवसीय ‘चलित थाना’ का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से पुलिस सीधे ग्रामीणों के बीच चौपाल तक पहुंची और उनकी रोजमर्रा व प्रशासनिक समस्याओं का संज्ञान लेकर मौके पर ही त्वरित निराकरण का भरोसा दिया।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) कांकेर मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में आयोजित इस चौपाल की ग्रामीणों ने काफी सराहना की।

सायबर ठगी से बचने के दिए अचूक मंत्र
वर्तमान डिजिटल युग में पैर पसार रहे सायबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों को मोबाइल फोन के जरिए होने वाली धोखाधड़ी (Cyber Fraud) के प्रति बेहद सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने बैनर-पोस्टर के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि:

किसी भी अनजान नंबर से आने वाले संदिग्ध वीडियो कॉल या सामान्य कॉल को रिसीव न करें।

डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी, भारी इनाम या किसी रिश्तेदार के संकट में होने का डर दिखाकर पैसे मांगने वाले ठगों के झांसे में बिल्कुल न आएं।

अपने बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारियां जैसे- ओटीपी (OTP), पिन (PIN) या पासवर्ड किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।

किसी भी प्रकार की सायबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

नशा मुक्ति: सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होने की अपील
शिविर में उपस्थित महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने समझाया कि नशा न केवल स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को नष्ट करता है, बल्कि सामाजिक व पारिवारिक बिखरने का भी मुख्य कारण बनता है। घरेलू हिंसा और गंभीर अपराधों के पीछे अक्सर नशे की लत ही जिम्मेदार होती है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी नई पीढ़ी को इस लत से दूर रखें और एक नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

सुरक्षित सफर के लिए दी यातायात नियमों की समझाइश
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए चलित थाने में ग्रामीणों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारियों ने हिदायत दी कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से आईएसआई (ISI) मार्क वाले हेलमेट का प्रयोग करें और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। वाहन चालकों को अपने साथ हमेशा वैध ड्राइविंग लाइसेंस व जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने और ‘शराब पीकर वाहन न चलाने’ का कड़ा सुझाव दिया गया।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
ग्राम उड़कुड़ा में आयोजित इस सफल चलित थाने और जागरूकता अभियान के कुशल संचालन में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उप निरीक्षक रूपेन्द्र पटेल, पीएसआई हेमन्त मारगिया, सहायक उप निरीक्षक (सउनि) माखन नागवंशी, आरक्षक क्रमांक 477 एवं महिला आरक्षक क्रमांक 1106 की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *