किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं: खाद-बीज की किल्लत को लेकर विधायक सावित्री मंडावी ने संभाली कमान, घेरा लेम्पस

चारामा। खरीफ सीजन की शुरुआत होते ही किसानों को खाद और बीज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। सोसायटियों में मची इस हाहाकार को लेकर अब सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा ने “लेम्पस चलो अभियान” के तहत टांहकापार/हाराडुला लेम्पस का जोरदार घेराव किया। इस दौरान भारी संख्या में पहुंचे किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उग्र चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

बुआई का समय निकला जा रहा, प्रशासन बेपरवाह

लेम्पस घेराव के दौरान किसानों की सुध लेने पहुंचीं विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने शासन-प्रशासन की व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह समय खरीफ फसलों की बुआई का है, जहां किसानों को खेतों में होना चाहिए, वहां वे सोसायटियों के चक्कर काट रहे हैं। पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज न मिलने से खेती पिछड़ रही है, जिससे अन्नदाताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और प्रमाणित बीज समय पर मुहैया कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है।

पारदर्शी वितरण और पर्याप्त भंडारण की मांग

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने प्रमुखता से मांग रखी कि क्षेत्र के सभी लेम्पसों में खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण तत्काल सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही वितरण प्रणाली को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए ताकि कतारों में खड़े किसानों को अनावश्यक मानसिक और शारीरिक परेशानी से बचाया जा सके।

मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

विधायक ने अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। अगर किसानों की समस्याओं का तुरंत निराकरण नहीं किया गया और समय रहते सोसायटियों में खाद-बीज की किल्लत दूर नहीं हुई, तो इस आंदोलन को और तेज कर ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक चक्काजाम किया जाएगा।

इस पूरे प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा के अध्यक्ष हिरवेन्द्र साहू, पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग नरेन्द्र यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शिवाराम जुर्री, युवक कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महेन्द्र नायक, सरपंच संघ चारामा की अध्यक्ष मैना ध्रुव सहित गोविंद पटेल, राजेंद्र सलाम, जितेंद्र साहू और भारी संख्या में क्षेत्र के पीड़ित किसान व कांग्रेसी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *