छत्तीसगढ़ सरकार का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को प्रमुख प्राथमिकता दी जाएगी। अनुमान है कि बजट 27 फरवरी को पेश किया जाएगा।
इस बजट में छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदानों और यातायात के लिए रिंग रोड बनाने का प्रावधान किया जा सकता है।
नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा लगाने की योजना है, जिसके लिए लगभग 1.86 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा।
नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर की स्थापना होगी, जबकि दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दुर्ग के पहली बटालियन में बने इंडोर स्टेडियम के साथ अन्य कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा। सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए भी बजट में राशि का प्रावधान किया जाएगा।
इस बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड बनाने की योजना होगी। इसके लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है। साथ ही, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नालंदा लाइब्रेरी बनाने के लिए भी धनराशि दी जाएगी। पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत लगभग 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा।इस बजट में सभी विभागों की गैर-जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती की जाएगी ताकि राज्य के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके।