गुरुग्राम। मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार इन दिनों अपनी शादी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उनकी शादी के लग्न समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें उपहार स्वरूप 71 लाख रुपये नकद और 21 तोला सोना भेंट किया गया है। वीडियो में इस बड़ी राशि और आभूषणों को ‘दहेज’ के बजाय ‘दान’ बताया जा रहा है, जिसे लेकर इंटरनेट पर नई बहस शुरू हो गई है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सार्वजनिक रूप से घोषणा कर रहा है कि यह दहेज नहीं बल्कि स्वेच्छा से दिया गया दान है। भेंट किए गए सामान में सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए जेवरात शामिल हैं। जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, दहेज प्रथा का विरोध करने वाले लोगों ने अरुण पंवार को ट्रोल करना शुरू कर दिया। यूजर्स का तर्क है कि भारी भरकम राशि को ‘दान’ का नाम देकर समाज में गलत परंपरा को जायज ठहराने की कोशिश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर अरुण की पत्नी डॉक्टर तिथि को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि उच्च शिक्षित और एमबीबीएस डॉक्टर होने के बावजूद वे इस तरह की प्रथा का हिस्सा बन रही हैं। हालांकि, कुछ लोग यूट्यूबर के समर्थन में भी खड़े हैं, जिनका मानना है कि यदि लड़की के परिवार ने अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार कुछ दिया है, तो उसे दहेज कहना गलत है।
गौरतलब है कि अरुण पंवार देश के जाने-माने ऑटोमोबाइल यूट्यूबर हैं, जिनके यूट्यूब पर 24 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। कारों के रिव्यू से पहचान बनाने वाले अरुण लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल इस मामले ने डिजिटल मंचों पर निजी पसंद बनाम सामाजिक बुराई के मुद्दे को एक बार फिर गरमा दिया है।