अपराध नियंत्रण करने एसएसपी रजनेश सिंह ने बनाई नई रणनीति, दफ्तर और डायल-112 से जवानों को उतारा फील्ड में

बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने नई रणनीति लागू की है। इसके तहत एसपी कार्यालय और डायल-112 में तैनात पुलिस कर्मियों को फील्ड ड्यूटी में लगाया गया है। इन जवानों को पुलिस लाइन भेजकर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो जिलेभर में अपराधियों, नशे के कारोबारियों और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत गठित विशेष टीम सीधे फील्ड में सक्रिय रहकर अभियान चलाएगी। टीम की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा की जाएगी। दोनों अधिकारी टीम की गतिविधियों की नियमित समीक्षा करेंगे तथा अभियान की प्रगति पर नजर रखेंगे।

इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत एसपी कार्यालय और डायल-112 में पदस्थ करीब 20 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों को विशेष टीम में शामिल किया गया है। लंबे समय से कार्यालयीन और सहायता सेवाओं में कार्यरत इन अनुभवी जवानों की सेवाओं का उपयोग अब फील्ड ऑपरेशन में किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अनुभवी पुलिस कर्मियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी। जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *