Gariaband Fire News: गरियाबंद सर्किट हाउस में सुबह लगी आग, फ्रिज-अलमारी समेत स्टोर का सामान जलकर खाक

गरियाबंद। जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रविवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आगजनी की इस घटना में फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन और स्टोर रूम में रखा अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है।

स्थानीय कर्मचारियों ने सर्किट हाउस से धुआं उठता देखा तो इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से स्टोर रूम की ओर फैल गई थी। इससे वहां रखा फर्नीचर और अन्य सामग्री भी नुकसान की चपेट में आ गई। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित हिस्से का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सर्किट हाउस जिले का महत्वपूर्ण सरकारी परिसर माना जाता है, जहां समय-समय पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ठहराव होता है। ऐसे में आग लगने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने राहत की बात यह बताई है कि आग केवल भवन के एक हिस्से तक सीमित रही। विभागीय टीम अब विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *