अनूप वर्मा, चारामा / बिलासपुर से रायपुर होते हुए पखांजूर जा रहे एक नए बिना नंबर (सोल्ड) ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चला रहे 21 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासी के रूप में हुई है, जो पावर ट्रैक कंपनी में चालक था।
भोथा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटा सोल्ड ट्रैक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पावर ट्रैक कंपनी के नए सोल्ड (Sold) ट्रैक्टरों को सड़क मार्ग से एक साथ बिलासपुर से पखांजूर शोरूम में छोड़ने के लिए ले जाया जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच, जैसे ही ट्रैक्टरों का यह काफ़िला चारामा क्षेत्र के ग्राम पुरी के पास भोथा मोड़ पर पहुंचा, तभी एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सीधे रोड किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने और गंभीर चोटें आने के कारण चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला था मृतक
, मृतक चालक का नाम गंगाधर (उम्र 21 वर्ष पिता संतोष कुमार मूल रूप से ग्राम हरसिंगपुर गडवार, थाना अमृतपुर, जिला फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और वर्तमान में बस स्टैंड बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में रहकर कंपनी के लिए ड्राइविंग का काम करता था。
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और कंपनी के अन्य कर्मचारियों के सहयोग से शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के साथी अभय प्रताप राठौर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।