रायपुर। राजिम कुंभ मेला 2026 के दौरान यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेल ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक रायपुर और राजिम के बीच दो जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगी।
रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों का वाणिज्यिक ठहराव मंदिर हसौद, सीबीडी नया रायपुर, केंद्री, अभनपुर, मानिकचोरी और राजिम स्टेशनों पर रहेगा। इससे कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी, तेज और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष पहल की गई है और भविष्य में भी ऐसी सुविधाएं जारी रहेंगी।
पहली मेमू स्पेशल ट्रेन रायपुर से सुबह 11.55 बजे रवाना होकर दोपहर 1.20 बजे राजिम पहुंचेगी। यह ट्रेन दोपहर 2 बजे राजिम से लौटकर 3.30 बजे रायपुर पहुंचेगी।
दूसरी मेमू स्पेशल ट्रेन रायपुर से दोपहर 2.30 बजे प्रस्थान कर शाम 4 बजे राजिम पहुंचेगी और रात 8.30 बजे राजिम से रवाना होकर रात 10 बजे रायपुर पहुंचेगी।
रेलवे की इस व्यवस्था से राजिम कुंभ मेला में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और रायपुर से राजिम के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।