बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से नक्सलियों के शवों के साथ हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसके साथ ही जवानों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए शक्तिशाली आईईडी को समय रहते खोज निकाला और एक बड़े हादसे को टाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुर के दक्षिण क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम को तलाशी अभियान पर रवाना किया गया था। सुबह करीब 7 बजे लंकापल्ली के जंगलों में जवानों और नक्सलियों का आमना-सामना हुआ। इस गोलीबारी में एक एसीएम रैंक का नक्सली और एक अन्य सदस्य मारा गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक 303 राइफल और अन्य दैनिक उपयोग की नक्सली सामग्री जब्त की है।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने सड़क के बीचों-बीच लगाए गए 20 से 30 किलोग्राम वजन के दो शक्तिशाली आईईडी बम भी बरामद किए। नक्सलियों ने इन बमों को कमांड स्विच सिस्टम से जोड़कर सुरक्षाबलों के बड़े वाहनों को उड़ाने की साजिश रची थी। बम निरोधक दस्ते ने सावधानी बरतते हुए इन दोनों विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। इलाके में अभी भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।