सरगुजा में 3 एकड़ आदिवासी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री: न्याय नहीं मिला तो कलेक्टर दफ्तर घेरेगी कांग्रेस

लखनपुर (सरगुजा)। लखनपुर विकासखंड के ग्राम चांदो में आदिवासी मस्त राम मझवार की 3 एकड़ जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी के मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंहदेव का बड़ा बयान सामने आया है। अमित सिंहदेव ने साफ तौर पर कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष के साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

अमित सिंहदेव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है, तब से लगातार शासकीय जमीन अधिग्रहण, फर्जी खरीद-बिक्री सहित जमीन संबंधी कई गंभीर मामले लगातार मीडिया के माध्यम से सामने आ रहे हैं। राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर इन मामलों में राजस्व अमले की भूमिका है, तो उन्हें तुरंत वहां से हटाया जाना चाहिए या फिर उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।

ब्लॉक अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चांदो ग्राम के पीड़ित व्यक्ति के मामले में कलेक्टर सरगुजा या पुलिस प्रशासन जल्द ही कोई ठोस पहल नहीं करता है, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी मिलकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने साफ किया कि जब तक पीड़ित को उसका हक और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस अपना उग्र प्रदर्शन जारी रखेगी।

गौरतलब है कि जनवरी महीने में जमीन दलाल कयामुद्दीन अंसारी ने पीड़ित मस्त राम से उसकी पट्टे की 1 एकड़ भूमि का सौदा किया था। इसके बाद आरोपी ने पंकज लकड़ा और उसकी पत्नी नेहा लकड़ा के साथ मिलकर धोखाधड़ी करते हुए 1 एकड़ की जगह पूरी 3 एकड़ जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा ली और पीड़ित को महज 1 लाख रुपये थमा दिए। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीण ने कलेक्टर, सरगुजा रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक पीड़ित को न्याय नहीं मिल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *