नई दिल्ली। आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को और आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई नई पहल शुरू की हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी नई सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर की कई स्वास्थ्य योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें आयुष्मान सारथी, राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा दिशा-निर्देश, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य के लिए सुमन रोडमैप, समग्र शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम और एनीमिया मुक्त भारत अभियान शामिल हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का हर नागरिक स्वस्थ होगा। उन्होंने कहा कि नई पहलों का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान और तेज बनाना है।
आयुष्मान योजना की सुविधाएं अब और आसान।
आयुष्मान सारथी के जरिए लोग घर बैठे आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके माध्यम से पात्रता की जानकारी, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन, कार्ड डाउनलोड, पहचान सत्यापन, आधार लिंक और कार्ड से जुड़ी अन्य सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
वरिष्ठ नागरिकों को भी मिलेगा लाभ।
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान वय वंदना कार्ड से जुड़ी सेवाओं का भी उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा लाभार्थी अपने इलाज का रिकॉर्ड, उपलब्ध शेष राशि, नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ेगी पारदर्शिता।
सरकार का कहना है कि इन नई सुविधाओं से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और शिकायतों का समाधान भी अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।
नई योजनाओं का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, एम्बुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाना और एनीमिया जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटना भी है। सरकार का मानना है कि इन पहलों से देश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों मजबूत होंगी।