मशहूर किताब रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वे अक्सर अपनी पोस्ट के जरिए लोगों को निवेश की सलाह देते हैं। उनकी निवेश टिप्स में हमेशा सोना, चांदी और बिटकॉइन सबसे आगे रहते हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नई पोस्ट शेयर की है जो काफी वायरल हो रही है। हमेशा सोने को अमीर बनाने का जरिया बताने वाले कियोसाकी ने इस बार कहा है कि मैं गलत था।

क्या लिखा रॉबर्ट कियोसाकी ने अपनी पोस्ट में
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोमवार को की गई अपनी पोस्ट में सोने को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने लिखा कि मैं गलत था, सोने की कीमत अभी भी गिर रही है। यही असल जिंदगी है, सभी बाजार ऊपर और नीचे होते रहते हैं। उनका यह बयान इसलिए हैरान करने वाला है क्योंकि वे हमेशा सोने में पैसा लगाने की वकालत करते रहे हैं।
मेरी गलतियों से कुछ सीखें
कियोसाकी ने निवेशकों को समझाते हुए आगे लिखा कि मुनाफा तब बनता है जब आप किसी चीज को खरीदते हैं, न कि तब जब आप उसे बेचते हैं। उन्होंने गिरावट के बीच निवेशकों को एक बड़ा सबक दिया। उन्होंने कहा कि सबसे अमीर निवेशक भविष्य के लिए निवेश करते हैं, आज के लिए नहीं। उम्मीद है कि लोगों ने मेरी गलतियों से कुछ सीखा होगा, क्योंकि जो लोग गलतियां नहीं करते, वे कभी कुछ नया नहीं सीख पाते।
5 साल में 35 हजार डॉलर तक जाएगा सोना
भले ही अभी सोने के दाम गिर रहे हों, लेकिन कियोसाकी को अभी भी इस कीमती धातु पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में अनुमान जताया है कि आने वाले लगभग 5 सालों में सोने की कीमत 35000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच जाएगी। उन्होंने अन्य जानकारों के हवाले से कहा कि साल 2026 तक दुनिया पर कर्ज का बोझ एक बड़े गुब्बारे की तरह है, जो कभी भी फट सकता है।
सोना ही असली पैसा है
कियोसाकी ने एक बड़े अमेरिकी बैंक का हवाला देते हुए कहा कि सोना ही असली पैसा है, बाकी सब कर्ज है। उन्होंने अमेरिकी डॉलर को भी महज एक कर्ज बताया। उन्होंने लोगों से कहा कि हालात चाहे जितने खराब हों और सोने की कीमत अभी भले कम हो, लेकिन वे आज भी और ज्यादा सोना और चांदी खरीद रहे हैं। उन्होंने अंत में पाठकों को सलाह दी कि वे खुद भी बाजार को समझें और फिर निवेश का फैसला लें।