छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग को मिली नई मजबूती, मुख्यमंत्री साय ने 8 साइबर थानों और 255 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नया रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों और 255 करोड़ रुपये की लागत से बने पुलिस भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग और प्रदेशवासियों को कानून व्यवस्था की मजबूती की दिशा में उठाए गए इस कदम के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं और कार्यक्षेत्र में सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित अन्य जिलों में शुरू किए गए साइबर थानों, एसडीओपी कार्यालयों और ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवनों में कार्य करते हुए पुलिस बल और अधिक प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेगा।

उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 8 नए साइबर थानों की शुरुआत की गई है। इससे पहले राज्य के केवल पांच जिलों में ही इस तरह के थाने संचालित थे। इसके अतिरिक्त चार जिलों में भारत वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन और माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी तथा आवासीय परिसरों का लोकार्पण किया गया है। गृह मंत्री ने भविष्य में अन्य जिलों में भी आवश्यकतानुसार साइबर थाने स्थापित करने की बात कही।

इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव और कई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सहित गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने संबंधित निर्माण एजेंसियों की भी सराहना की, जिन्होंने समय सीमा के भीतर इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा किया।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *