दो बहनों की हत्या से सनसनी, घरेलू विवाद में परिवार पर हत्या का आरोप, दो भाई हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

कुशीनगर । जनपद के थाना सेवरही क्षेत्र के ग्राम सभा पिपराघाट एहतमाली के देवनारायण टोला में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवतियों के शव घर की एक कोठरी से बरामद किए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद के चलते हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतकाओं की पहचान लाली (20 वर्ष) एवं शीला (18 वर्ष), पुत्रियां रामप्रसाद निषाद, निवासी देवनारायण टोला के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि दोनों युवतियों का गांव के ही दो युवकों से पूर्व में संबंध था। इस संबंध में उनके पिता द्वारा अलग-अलग समय पर तीन मुकदमे दर्ज कराए गए थे, जिनमें पुलिस ने दोनों लड़कियों को बरामद भी किया था। इसके बावजूद दोनों युवतियां संबंधित युवकों के संपर्क में बनी रहीं, जिससे परिवार में अक्सर विवाद होता था।

बताया जा रहा है कि लगभग 15 दिन पूर्व पिता ने दोनों युवतियों के मोबाइल फोन, जो कथित रूप से युवकों द्वारा दिए गए थे, अपने कब्जे में ले लिए थे। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बढ़ गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार घरेलू कलह और आक्रोश में परिवार के सदस्यों द्वारा दोनों बहनों की डंडे से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में मृतकाओं के पिता की तहरीर के आधार पर थाना सेवरही में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने दोनों भाइयों सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अन्य वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *