बलौदाबाजार स्पंज आयरन प्लांट हादसे पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया गहरा शोक

बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए विस्फोट में श्रमिकों की मौत पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत दुःखद बताया और दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति तथा उनके शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव उत्तम और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि उनके इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे।

श्री जायसवाल ने बताया कि इस मामले में बलौदाबाजार कलेक्टर से चर्चा की गई है। पूरे हादसे की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *