मुंगेली। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने मुंगेली जिला अध्यक्ष के निलंबन के विरोध में व्यापक आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत में आज संभाग स्तरीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मुंगेली जिला बनने के बाद यह पहला मौका है, जब किसी प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ इतना बड़ा संगठित और लोकतांत्रिक आंदोलन हो रहा है। इस आंदोलन में संभाग के सभी जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
संघ का आरोप है कि निलंबन की कार्रवाई कर्मचारियों की आवाज दबाने की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा। संघ का मकसद कर्मचारियों के सम्मान की रक्षा करना, उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और न्याय की बहाली है। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।