जबलपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने खंडन किया है, जिसमें रेलवे स्टेशन पर हवाई जहाज की इमरजेंसी लैंडिंग दिखाई गई थी। जांच में सामने आया है कि यह वीडियो एआई से जनरेट किया गया है और इसका वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं है।
वायरल वीडियो में जबलपुर रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर एक यात्री विमान को खड़ा दिखाया गया था। वीडियो में युवक दावा कर रहा था कि तकनीकी खराबी के कारण पायलट को रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इसी तरह के अन्य वीडियो में जहाज को खेत में उतरा हुआ भी दिखाया गया था, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई।
जबलपुर एयरपोर्ट डायरेक्टर आरआर पांडे ने बताया कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे लाइक व व्यू पाने के उद्देश्य से बनाया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पुलिस को सूचना दी है। खमरिया थाना पुलिस वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की तलाश कर रही है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के भ्रामक और झूठे वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो से आम लोग घबरा जाते हैं और एयरपोर्ट व रेलवे अधिकारियों को फोन कर परेशान करते हैं।
उन्होंने बताया कि वीडियो सामने आते ही सुरक्षा को लेकर तत्काल बैठक की गई, जिसमें सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।