जगदलपुर। जगदलपुर के संजय मार्केट में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार यह मामला केवल चोरी का नहीं, बल्कि गलत संगत और शौक के चलते अपराध की ओर बढ़ते युवाओं की मानसिकता को भी दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार 8 जनवरी को दुकान संचालक शिवराम यादव के बाहर रहने का फायदा उठाकर आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़ा और 60 हजार रुपये नकद तथा सिक्कों समेत कुल 63 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तीन युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। पहचान के बाद त्रिलोचन कश्यप, इरफान सिद्दीकी और कुशल नायडू को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की रकम से कपड़े, जूते और म्यूजिक सिस्टम खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 हजार रुपये नकद और खरीदा गया सामान जब्त किया है। तीनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त और निगरानी और सख्त की जाएगी।