देवघर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस और सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस दो नई ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। इन ट्रेनों के परिचालन से अंतरराज्यीय लंबी दूरी की रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को किफायती व आरामदायक यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस नई पीढ़ी की ट्रेन है, जिसे सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए इन ट्रेनों में आधुनिक और उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों ट्रेनों की नियमित सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है।
हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट
ट्रेन संख्या 13065 हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रात 23:10 बजे हावड़ा से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 02:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 13066 आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को सुबह 05:15 बजे आनंद विहार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत आसनसोल और दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध होगी।
सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट
ट्रेन संख्या 22587 सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 19:30 बजे सियालदह से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 07:20 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22588 बनारस-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को रात 22:10 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 09:55 बजे सियालदह पहुंचेगी। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल और दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। इस ट्रेन में भी सामान्य द्वितीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।