रायपुर में बदला मौसम का मिजाज, नौतपा के बीच बारिश से मिली राहत; आज भी आंधी और गरज-चमक के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बारिश और बादलों ने लोगों को बड़ी राहत दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी कई इलाकों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई है।

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके चलते दिन के तापमान में कमी दर्ज की गई। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव जैसे प्रमुख शहरों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने इस बदलाव से राहत महसूस की है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से लेकर अंदरुनी ओडिशा तक फैली हुई है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। इन सभी कारणों से प्रदेश में नमी लगातार बढ़ रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। दिन में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में आए इस बदलाव ने फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत दी है। हालांकि विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *