रायपुर: भाटागांव ISBT पार्किंग में 5 बसें जलकर खाक, शरारती तत्वों पर आग लगाने की आशंका

रायपुर, 14 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) की पार्किंग में मंगलवार देर रात बड़ी आग लगने की घटना हुई। इस आग में पार्किंग में खड़ी पांच बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार की देर रात हुई, जब पार्किंग में खड़ी बसों में अचानक आग लग गई और तेजी से फैलने के कारण पांच बसें इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद किया, जिसमें बसें आग की लपटों में घिरी नजर आ रही हैं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। हालांकि तब तक बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन बस संचालकों और स्थानीय लोगों में शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग के साथ मिलकर छानबीन कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *