रायपुर। नगर पालिक निगम को प्राप्त जनशिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार तथा नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन क्रमांक 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के निर्देश पर जोन 5 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
नगर निगम जोन क्रमांक 5 अंतर्गत ठाकुर प्यारेलाल वार्ड क्रमांक 39 में औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन स्वामी सोनू सुन्दरियां द्वारा भवन निर्माण सामग्री नाली के ऊपर रखी गई थी, जिससे नाली का पानी सड़क पर बह रहा था और आसपास के रहवासियों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही थी। निरीक्षण के दौरान प्राप्त जनशिकायत सही पाई गई।
इस पर नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के निर्देशानुसार जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा द्वारा संबंधित भवन स्वामी पर तत्काल 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, गंदगी फैलाने के मामले में तीन दुकानदारों पर कुल 1,200 रुपये का जुर्माना भी किया गया।
स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी तथा निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक गिरिजेश तिवारी की उपस्थिति में कुल 11,200 रुपये का जुर्माना वसूलते हुए संबंधितों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर ही जनशिकायत का त्वरित निराकरण किया गया।