ब्लैक संडे : नदी और तालाब में डूबने से 4 घरों के चिराग बुझे

भोपाल। मध्य प्रदेश में रविवार का दिन दो अलग-अलग जिलों के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। जबलपुर और शिवपुरी में हुए दो बड़े हादसों में चार युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। जबलपुर में जहां नदी में नहाने गए दो दोस्त गहरे पानी में समा गए, वहीं शिवपुरी में भैंस चराने गए दो सगे चचेरे भाई तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और डूब गए। इन हादसों के बाद से दोनों ही इलाकों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जबलपुर: गौर नदी के सिलुआ घाट पर डूबे दो जिगरी दोस्त

जबलपुर जिले के गौर चौकी अंतर्गत सिलुआ घाट पर रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ। सिलुआ चौड़ा निवासी सागर पटेल (18 वर्ष) और ध्रुव पटेल (19 वर्ष) नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते नदी में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीण और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका। हंसते-खेलते दो युवाओं की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। स्थानीय लोगों ने अब घाटों पर सुरक्षा इंतजाम न होने को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

शिवपुरी: भैंस चराने गए दो मासूम चचेरे भाइयों की तालाब में मौत

दूसरा दर्दनाक हादसा शिवपुरी जिले के दिनारा इलाके के ग्राम सिनदउआ में सामने आया। यहां रहने वाले अनिकेत पाल (11 वर्ष) और उसका चचेरा भाई शिवकुमार पाल (12 वर्ष) रविवार सुबह अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव के पास ही स्थित एक तालाब के किनारे गए थे। दोपहर तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिजन उनकी तलाश में तालाब की तरफ पहुंचे। तालाब के किनारे दोनों बच्चों के कपड़े रखे मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई।

परिजनों ने तुरंत दिनारा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह और पुलिस बल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों मासूमों के शवों को तालाब से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि तालाब वयस्कों के लिए ज्यादा गहरा नहीं था, लेकिन बच्चों की कम उम्र और लंबाई के लिहाज से पानी काफी अधिक था, जिससे वे खुद को संभाल नहीं पाए। एक ही घर के दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *