मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है. रिलीज के दूसरे दिन फिल्म की कमाई में थोड़ी बढ़त जरूर देखी गई थी, लेकिन पहले रविवार को यह रफ्तार टिक नहीं सकी. वीकेंड पर फिल्म का ऐसा ठंडा प्रदर्शन अब मेकर्स के लिए बड़ी चिंता का सबब बन गया है.
‘बाय वन गेट वन’ का दांव भी रहा फेल
मेकर्स ने रविवार की छुट्टी का फायदा उठाने और दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए ‘एक टिकट पर एक फ्री’ (Buy One Get One) का बड़ा ऑफर भी निकाला था. उम्मीद थी कि इस पैंतरे से संडे को सिनेमाघरों में भीड़ उमड़ेगी, लेकिन यह रणनीति भी बॉक्स ऑफिस पर बेअसर साबित हुई और रविवार को फिल्म की कमाई में बेहद मामूली बढ़त ही दर्ज की गई.
3 दिनों में बमुश्किल 4 करोड़ पार
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, ‘भारत भाग्य विधाता’ ने अपने पहले रविवार को मात्र 1.58 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. इसके साथ ही फिल्म की 3 दिनों की कुल भारतीय नेट कमाई अब 4.03 करोड़ रुपये तक पहुंच पाई है. इससे पहले फिल्म ने शुक्रवार (ओपनिंग डे) को 1 करोड़ रुपये और शनिवार (दूसरे दिन) को 1.45 करोड़ रुपये जुटाए थे.
दो राज्यों में टैक्स फ्री, फिर भी दर्शक नदारद
हैरानी की बात यह है कि फिल्म को दिल्ली और हरियाणा सरकार द्वारा टैक्स फ्री घोषित किया जा चुका है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देखने के बाद इसे टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था. वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी फिल्म को टैक्स से छूट दे चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म को टिकट खिड़की पर दर्शक नहीं मिल रहे हैं.
क्या है फिल्म की कहानी?
यह फिल्म साल 2008 में हुए 26/11 के मुंबई आतंकी हमले की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में मुंबई के कामा अस्पताल के उन डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ की असल बहादुरी और जज्बे को पर्दे पर उतारा गया है, जिन्होंने आतंकियों के हमले के बीच अपनी जान दांव पर लगाकर मरीजों की रक्षा की थी.