आगर-मालवा। मध्य प्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुप्रीम कोर्ट की सख्त गाइडलाइंस के बावजूद स्थानीय प्रशासन की सुस्ती मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। ताजा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के देलवाड़ी गांव से सामने आया है, जहां एक खूंखार कुत्ते ने 3 साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को इतनी बेरहमी से नोचा कि डॉक्टरों को खून रोकने के लिए 55 टांके लगाने पड़े। हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है।
घर के बाहर खेलते वक्त हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, कालू सिंह की 3 साल की बेटी माही घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक आवारा कुत्ता अचानक हिंसक हो गया और उसने मासूम माही पर सीधा हमला बोल दिया। कुत्ता बच्ची को जमीन पर गिराकर लगातार नोंचता रहा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे बच्ची को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
नाजुक हालत में इंदौर रेफर
खून से लथपथ बच्ची को परिजन आनन-फानन में आगर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। कुत्ते के हमले से बच्ची के गाल और मुंह पर गहरे और डरावने जख्म हो गए थे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने काफी मशक्कत के बाद बेहद सावधानी से 55 टांके लगाकर बहते खून को नियंत्रित किया। प्राथमिक उपचार के बाद भी बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।