बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू के प्रयासों से 290.80 एकड़ भूमि का आवंटन और 50.60 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे एयरपोर्ट को 4-C श्रेणी में उन्नयन का रास्ता साफ हो गया है।
परियोजना के तहत रनवे विस्तार, नए टर्मिनल भवन और आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। 4-C श्रेणी में उन्नयन से यहां बड़े वाणिज्यिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा, जिससे बिलासपुर की प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इसके अलावा, नाइट लैंडिंग की सुविधा के लिए भी स्वीकृति मिल गई है। फरवरी-मार्च से रात के समय विमानों का संचालन शुरू होने की संभावना है, जिससे उड़ानों की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर सांसद तोखन साहू ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष आभार जताया, जिनके सहयोग से सेना के अधीन भूमि को राज्य सरकार को हस्तांतरित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए राज्य सरकार द्वारा समय पर राशि जारी करने और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए धन्यवाद दिया। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने 4-C श्रेणी की मंजूरी प्राथमिकता से प्रदान की।
सांसद तोखन साहू ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार से संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। यह परियोजना बिलासपुर के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगी।