छत्तीसगढ़ में दो जगहों पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सुकमा में 10 और बीजापुर में 2 नक्सली ढेर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। दोनों ओर से गोलीबारी लगातार जारी है।

वहीं बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान दो नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और रुक-रुककर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं।

माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान शनिवार तड़के नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

सुबह करीब 5 बजे से माओवादियों के साथ रुक-रुककर मुठभेड़ जारी है। सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक बीजापुर क्षेत्र से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है।

सुरक्षा कारणों को देखते हुए मुठभेड़ के सटीक स्थान और ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या का खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *