रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह मंगलवार को रायपुर आएंगे। वे ठाकरे परिसर में अटल स्मृति आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक लेंगे तथा एकात्म परिसर में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन के साथ ही सदस्यता अभियान में 100 से 500 या इससे अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस से कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ये कार्यक्रम देश के सभी राज्यों में हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन भी विभिन्न आयोजन कर रहा है। अटल स्मृति आयोजन के लिए प्रदेश एवं जिला स्तर पर समितियां गठित की गई हैं। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ठाकरे परिसर में प्रदेश समिति की बैठक लेंगे, जिसमें अब तक किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की योजना पर चर्चा होगी।
शहर जिला भाजपा द्वारा एकात्म परिसर में मंगलवार दोपहर 1 बजे अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किया गया है। इसी अवसर पर सदस्यता अभियान में जिले के 100 से 500 सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को शतकवीर तथा 500 से अधिक सदस्य बनाने वालों को शक्तिवीर सम्मान प्रदान किया जाएगा। शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि ऐसे लगभग 500 कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संभाग प्रभारी राजेंद्र शर्मा तथा शहर के सभी विधायक शामिल होंगे।