नई दिल्ली। दिल्ली से मुंबई जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई887 में तकनीकी समस्या आने के बाद विमान को एहतियातन दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस उतारना पड़ा। यह घटना सोमवार को हुई, जब उड़ान ने दिल्ली से टेक-ऑफ किया, लेकिन कुछ ही देर बाद तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिलने पर फ्लाइट क्रू ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत लौटने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतार लिया गया है।
यात्रियों को हुई असुविधा पर एयर इंडिया ने खेद व्यक्त किया है। एयरलाइन ने कहा कि यह स्थिति अप्रत्याशित थी, लेकिन यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विमान की लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इंजीनियरिंग टीम आवश्यक निरीक्षण में जुटी हुई है।
एयर इंडिया के अनुसार, दिल्ली में ग्राउंड स्टाफ ने यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई है। साथ ही, यात्रियों को मुंबई भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट एआई887 के क्रू ने टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी दिक्कत के चलते एसओपी के तहत दिल्ली लौटने का फैसला लिया। विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया है। प्रवक्ता ने कहा कि इस अप्रत्याशित स्थिति से हुई असुविधा के लिए एयर इंडिया यात्रियों से ईमानदारी से माफी मांगती है और यात्रियों तथा क्रू की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।