धमतरी, 21 दिसंबर 2025। नगर निगम महापौर रामू रोहरा रविवार सुबह डागा धर्मशाला पहुंचे और स्टेशन पारा के प्रभावित नागरिकों से सीधे संवाद किया। करीब दो घंटे तक सभी प्रभावित परिवारों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और दुख-तकलीफों को समझा।
महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि एक भी प्रभावित परिवार को असहाय न छोड़ा जाए और सभी को तत्काल कृषि उपज मंडी प्रांगण में अस्थाई रूप से शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिफ्ट किए गए नागरिकों को पेयजल, बिजली, शौचालय, साफ-सफाई तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता की नहीं, बल्कि हर गरीब, पीड़ित और जरूरतमंद की सच्ची चिंता करने वाली सरकार है। भाजपा दिखावे की राजनीति नहीं करती, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी राजनीतिक बहकावे या अफवाहों में न आएं। कुछ लोग अपनी नाकामी छुपाने के लिए गरीबों को आगे कर राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन जनता अब जागरूक है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए महापौर ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास गरीबों के नाम पर केवल छल, झूठ और उपहास का रहा है। कांग्रेस ने दशकों तक गरीबों को सिर्फ नारे दिए, न घर दिया, न सुविधा दी, न सम्मान दिया। आज जब भाजपा सरकार जमीन पर काम कर रही है, तो कांग्रेस को यह हजम नहीं हो रहा। कांग्रेस की राजनीति अब हताशा और भ्रम फैलाने तक सिमट गई है। गरीबों के दर्द से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं, उन्हें सिर्फ कैमरे और सुर्खियां चाहिए। जनता अब कांग्रेस की सच्चाई पहचान चुकी है और समय आने पर करारा जवाब देगी।
महापौर ने दो टूक कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। हर प्रभावित नागरिक को सम्मानजनक सुविधा और सुरक्षा देना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसे हर हाल में निभाया जाएगा। उन्होंने बच्चों से दुलार करते हुए पूछा कि स्कूल जाते हो या नहीं। प्रभावित लोगों ने महापौर को अपने बीच पाकर कहा कि अब वे किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।
इस अवसर पर एमआईसी प्रभारी अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, मेघराज ठाकुर, कुलेश सोनी, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, छोटू वर्मा, महेंद्र खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।