जोहान्सबर्ग के पास टाउनशिप में अंधाधुंध फायरिंग, 10 लोगों की मौत, 10 घायल



जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के समीप एक टाउनशिप इलाके में रविवार को अंधाधुंध गोलीबारी की घटना हुई। इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जोहान्सबर्ग के बाहरी क्षेत्र बेक्कर्सडाल में हुई, जहां अज्ञात बंदूकधारियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने सड़क पर चलते लोगों को पीछे से निशाना बनाया। इस महीने के भीतर दक्षिण अफ्रीका में यह दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है।

गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ पीड़ितों को सड़कों पर चलते समय ही गोली मारी गई। हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

यह गोलीबारी बेक्कर्सडाल इलाके में एक बार के पास हुई, जो देश की प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक स्थित एक गरीब क्षेत्र माना जाता है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना भी मिली है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *