कवर्धा। कबीरधाम जिले में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे सागोना गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लोखान गांव निवासी संतराम और स्वात राम एक ही बाइक पर सवार होकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल कवर्धा रेफर कर दिया गया। एक घायल का इलाज पंडरिया में ही जारी है।
सूचना पर कुकदूर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुकदूर थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों की आपसी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो कवर्धा जिले के लोखान गांव के निवासी हैं, जबकि मृतक और एक घायल मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।