लखनपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलदगी पुलिया के समीप शुक्रवार शाम सड़क दुर्घटना में एक शिक्षिका की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अंकिता शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुसु में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। वह प्रतिदिन अपने ही विद्यालय के शिक्षक हितेश बोई के साथ स्कूटी से स्कूल आना-जाना करती थीं। शुक्रवार 19 दिसंबर की शाम करीब चार बजे विद्यालय की छुट्टी के बाद दोनों स्कूटी से लखनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलदगी पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी शिक्षिका के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
घटना के बाद शिक्षा विभाग में शोक की लहर है। वहीं शिक्षक हितेश बोई की स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।