छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का हार्ट अटैक से निधन


छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का रविवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी के पद पर पदस्थ थे।

जानकारी के अनुसार, वे दुर्ग जिले के भिलाई में थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने इमरजेंसी उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

प्रखर पांडेय छत्तीसगढ़ के तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों में गिने जाते थे। पुलिस मुख्यालय में डीआईजी, सीआईडी के रूप में वे अपराध अनुसंधान और संवेदनशील मामलों की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। इससे पहले वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जैसे अहम जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कानून व्यवस्था को मजबूती से संभालते हुए एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं। जानकारी के अनुसार, आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *