हवा की दिशा बदली, चार दिन तक ठंड से राहत के आसार

रायपुर। हवा की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी। इस दौरान रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड के असर में कमी आएगी।

दिसंबर के पहले पखवाड़े में रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कड़ी ठंड पड़ी है। उत्तर के साथ-साथ मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी शीतलहर जैसे हालात बने रहे। हालांकि अब हवाओं की दिशा में बदलाव के चलते तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों में वर्तमान की तुलना में मौसम थोड़ा कम ठंडा रहेगा। रात के तापमान में क्रमिक रूप से 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड की तीव्रता में कमी आएगी।

पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में रात का तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। माना में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा।

रायपुर में आज मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने और बाद में आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *