रायपुर। इंडिगो एयरलाइंस के विमान परिचालन में रुकावट का असर रायपुर के स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी जारी है। आज यह रुकावट का पांचवां दिन है और माना एयरपोर्ट से अन्य शहरों के लिए उड़ान भरने वाली तथा आने वाली कई फ्लाइट कैंसल कर दी गई हैं। फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह प्रभावित है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में परिचालन में आंशिक सुधार देखा गया है, लेकिन यह पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया। भोपाल से मुंबई और बेंगलुरु के लिए दो फ्लाइट कैंसल की गई हैं, जो क्रमशः सुबह 11:05 और 11:25 बजे निर्धारित थीं। इसी तरह बेंगलुरु की एक फ्लाइट में देरी हुई है, जो 8:50 की जगह 9:15 बजे पहुंचेगी। कुल 13 फ्लाइटों में से दो प्रभावित हैं।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स तथा एकाउंटेबल मैनेजर इसीड्रो पोर्क्यूरस को बड़े पैमाने पर उड़ान रद्द होने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। उड़ान रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।